सितंबर में ट्रैक्टर कंपनियों की बिक्री में मामूली बढ़ोतरी, लेकिन निर्यात 47 फीसदी तक घटा

ट्रैक्टर उद्योग से जुड़ी कई कंपनियों ने सितंबर 2024 में हुई बिक्री के आंकड़े सार्वजनिक कर दिए हैं। महिंद्रा ट्रैक्टर्स और एस्कॉर्ट्स कुबोटा की बिक्री में वृद्धि हुई है, वहीं वीएसटी की सेल में गिरावट आई है

सितंबर में ट्रैक्टर कंपनियों की बिक्री में मामूली बढ़ोतरी, लेकिन निर्यात 47 फीसदी तक घटा

सितंबर में ट्रैक्टर कंपनियों की बिक्री में मामूली रूप से बढ़ोतरी हुई है। हालांकि निर्यात में 47 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है। ट्रैक्टर कंपनियों की ओर से जारी सितंबर 2024 में हुई बिक्री के आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है। प्रमुख भारतीय ट्रैक्टर निर्माता कंपनियां महिंद्रा ट्रैक्टर्स, एस्कॉर्ट्स कुबोटा और वीएसटी ने फिलहाल बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं। सितंबर में जहां महिंद्रा और एस्कॉर्ट्स कुबोटा की घरेलू बिक्री में बढ़ोतरी हुई है, वहीं निर्यात में कमी आई है। वीएसटी ट्रैक्टर्स की घरेलू बिक्री भी गिरावट आई है। 

महिंद्रा ट्रैक्टर्स की बिक्री बढ़ी

महिंद्रा ट्रैक्टर्स द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2024 में कंपनी की घरेलू बिक्री में 3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने सितंबर में घरेलू बाजार में 43,201 ट्रैक्टर्स बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने में 42,034 ट्रैक्टर्स की बिक्री हुई थी। हालांकि, निर्यात के मामले में कंपनी का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा। महिंद्रा ने सितंबर 2024 में 1,055 ट्रैक्टर्स का निर्यात किया, जो पिछले साल सितंबर के 1,176 ट्रैक्टर्स से 10 फीसदी कम है। कुल मिलाकर, महिंद्रा ने सितंबर 2024 में 44,256 ट्रैक्टर्स बेचे, जो पिछले साल इसी महीने में बेचे गए 43,210 ट्रैक्टर्स की तुलना में 2 फीसदी अधिक है।

महिंद्रा ट्रैक्टर्स सेल्स (सितंबर 2024) वित्त वर्ष 2024-25 वित्त वर्ष 2023-24 % परिवर्तन
घरेलू 43,201 42,034 3 %
निर्यात 1,055 1,176 -10 %
कुल  44,256 43,210 2 %

त्योहारी सीजन में डिमांड बढ़ने की उम्मीद 

कंपनी के प्रदर्शन पर महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के प्रेसिडेंट (एग्रीकल्चरल इंप्लीमेंट्स) हेमंत सिक्का ने कहा, "हमने सितंबर के दौरान घरेलू बाजार में 43,201 ट्रैक्टर बेचे हैं, जो पिछले साल की तुलना में 3 फीसदी की वृद्धि है। मानसून की बारिश में एलपीए की तुलना में 7.5 फीसदी की वृद्धि देखी गई है और इससे कपास को छोड़कर सभी फसलों की खरीफ बुवाई में वृद्धि हुई है। जलाशयों का स्तर बहुत अच्छी तरह से ठीक हो गया है और अब एलपीए की तुलना में 13 फीसदी अधिक है, जो बंपर रबी फसल के लिए बहुत अच्छा संकेत है। अच्छी खरीफ फसल और संभावित मजबूत रबी फसल के कारण, ग्रामीण भावनाएं सकारात्मक हैं। किसानों के लिए व्यापार की सकारात्मक शर्तों और आगामी त्योहारों के साथ, हम आगे चलकर ट्रैक्टरों की मजबूत मांग की उम्मीद करते हैं। निर्यात बाजार में हमने 1,055 ट्रैक्टर बेचे हैं।"

एस्कॉर्ट्स कुबोटा की सेल में इजाफा 

एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने सितंबर 2024 में 12,380 ट्रैक्टर्स बेचे, जो पिछले साल सितंबर में बेचे गए 12,081 ट्रैक्टर्स की तुलना में 2.5 फीसदी अधिक है। कंपनी की घरेलू बिक्री में 5.7 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। सिंतबर 2024 में कंपनी ने 11,985 ट्रैक्टर्स बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने में 11,334 ट्रैक्टर्स की सेल हुई है। हालांकि, कंपनी के निर्यात में 47.1 फीसदी की गिरावट आई है। कंपनी ने इस साल सितंबर में 395 ट्रैक्टर्स का निर्यात किया, जबकि पिछले साल सितंबर में 747 ट्रैक्टर्स निर्यात किए गए थे।

एस्कॉर्ट्स कुबोटा (सितंबर 2024) वित्त वर्ष 2024-25 वित्त वर्ष 2023-24 % परिवर्तन
घरेलू 11,985 11,334 5.7%
निर्यात 395 747 -47.1%
कुल  12,380 12,081 2.5 %

वीएसटी की बिक्री में गिरावट

वीएसटी लिमिटेड की सितंबर 2024 में कुल 473 ट्रैक्टर्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल इसी महीने में बेचे गए 535 ट्रैक्टर्स की तुलना में 11.5 फीसदी की गिरावट है। वहीं, कंपनी की कुल बिक्री (ट्रैक्टर और पावर टिलर मिलाकर) में भी 1.67 फीसदी की गिरावट आई है। सितंबर 2024 में कंपनी ने कुल 2,583 यूनिट्स बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने में 2,672 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। 

वीएसटी टिलर्स ट्रैक्टर्स (सितंबर 2024) वित्त वर्ष 2025 वित्त वर्ष 2024
 पावर टिलर 2110 2092
ट्रैक्टर

473

535
कुल  2,583 2,672

इन आंकड़ों से यह साफ है कि जहां कुछ कंपनियों को घरेलू बाजार से लाभ मिल रहा है, वहीं निर्यात में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। महिंद्रा और एस्कॉर्ट्स कुबोटा की बिक्री में वृद्धि सकारात्मक संकेत है, जबकि वीएसटी को अपने प्रदर्शन में सुधार की जरूरत है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!