फसल विविधीकरण के लिए मक्का की खेती पर 6 हजार की वित्तीय सहायता देगी पंजाब सरकार

पंजाब में किसानों को मक्का की खेती के लिए 6 हजार की वित्तीय सहायता दी जाएगी। साथ ही मक्का के बीजों पर सब्सिडी भी मिलेगी।

फसल विविधीकरण के लिए मक्का की खेती पर 6 हजार की वित्तीय सहायता देगी पंजाब सरकार

पंजाब कृषि एवं किसान कल्याण विभाग फसल विविधीकरण के लिए मक्का की खेती पर किसानों को 6 हजार की वित्तीय सहायता देगा। साथ ही खरीफ मक्का के हाइब्रिड बीजों पर सब्सिडी भी दी जाएगी। इस वर्ष कृषि विभाग ने मक्का की खेती के तहत 4,700 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को कवर करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए किसानों को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू), लुधियाना द्वारा प्रमाणित और अनुशंसित हाइब्रिड मक्का के बीज दिए जाएंगे। विभाग प्रत्येक 1 किलोग्राम बीज की खरीद पर किसान को 100 रुपये की सब्सिडी देगा। 

पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुदियां ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि कृषि विभाग हाइब्रिड खरीफ मक्का के बीजों के लिए किसानों को सब्सिडी दे रहा है। यह सब्सिडी अधिकतम 5 एकड़ क्षेत्र या प्रति किसान 40 किलोग्राम के लिए प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों को कुल 2,300 क्विंटल बीज रियायती मूल्य पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही किसानों को उर्वरक और कीटनाशकों सहित विभिन्न इनपुट के लिए 6 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की वित्तीय सहायता भी मिलेगी। 

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों को पानी की अधिक खपत करने वाली धान की फसल से दूर रखने और भूजल को बचाने के लिए सरकार ने रिकॉर्ड 2 लाख हेक्टेयर में खरीफ मक्का की खेती का लक्ष्य रखा है। यह पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना है। खुदियां ने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लाभार्थी किसानों को डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सब्सिडी राशि बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के इच्छुक किसान हाइब्रिड मक्का के बीज पर सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल agrimachinerypb.com पर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!