फिर सक्रिय हुआ मानसून, मध्य भारत में जल्द बारिश के आसार, जानें मानसून की प्रोग्रेस

मध्य भारत में जल्द ही मानसून की बारिश हो सकती है। मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने से मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर भारत में लू का दौर अभी जारी रहेगा।

फिर सक्रिय हुआ मानसून, मध्य भारत में जल्द बारिश के आसार, जानें मानसून की प्रोग्रेस

मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र में एट्री के बाद कमजोर पड़े मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मानसून के सक्रिय होती ही आने वाले 4 से 5 दिनों में मध्य भारत में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) की मानें तो आने वाले एक हफ्ते के अदंर मध्य भारत में मानसून की एंट्री हो सकती है। वहीं, उत्तर भारत को मानसून की बारिश के लिए अभी इंतजार करना होगा। दिल्ली समेत उत्तर भारत के सभी राज्यों में भीषण गर्मी और लू का दौर अभी जारी रहेगा।

मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली करने वाली निजी वेबसाइट स्काईमेट वेदर के मुताबिक, पूर्वी भारत में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। जिसका असर भी देखने को मिल रहा है। पूर्वी भारत के राज्यों में जोरदार बारिश हो रही है। जिसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। आईएमडी के डेली बुलेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले पांच दिनों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। 

इसके अलावा तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, मराठवाड़ा और दक्षिणपूर्व राजस्थान, दक्षिण गुजरात, दक्षिणी ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक और केरल में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। 

इन राज्यों में हुई मानसून की एंट्री 

स्काईमेट के मुताबिक, 30 मई को केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में मानसून ने दस्तक दी थी। ये पिछले दस वर्षों में चौथी बार था जब मानसून पूर्वानुमान से पहले आया हो। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात में भी मानसून की एंट्री समय से पहले हुई। महाराष्ट्र में 9 जून और गुजरात में 11 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद मानसून धीमा पड़ने से मध्य भारत में इसके फैलाव में देरी हई। लेकिन, अब मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों के अंदर मध्य भारत में मानसून की एंट्री हो जाएगी। जिसके बाद यह उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा। 

इन राज्यों में जारी रहेगी लू  

मध्य भारत को भले ही भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली हो, लेकिन उत्तर भारत में लू का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 21 जून तक उत्तर भारत में लू चलने की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक, 18 से 20 जून तक उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में लू चलने की संभावना है। 18 से 21 जून के बीच पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों, जम्मू-कश्मीर और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में लू चलने की संभावना है। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!