मानसून ने समय से 6 दिन पहले देश को किया कवर, जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान

मानसून ने समय से 6 दिन पहले देश को कवर कर लिया है। मौसम विभाग ने बताया कि सामान्य रूप से मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंचता है लेकिन, इस वर्ष मानसून 2 जुलाई को ही पूरे देश में पहुंच गया

मानसून ने समय से 6 दिन पहले देश को किया कवर, जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने समय से 6 दिन पहले पूरे भारत को कवर कर लिया है। मंगलवार को मानसून देश के बचे हुए क्षेत्रों में आगे बढ़ गया। सामान्य रूप से मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंचता है। लेकिन, इस वर्ष मानसून समय से पहले चल रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मानसून अपने सामान्य समय से छह दिन पहले ही पूरे भारत में पहुंच गया है।

मानसून केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 30 मई को पहुंचा था, जो सामान्य से दो दिन पहले था। इसके बाद महाराष्ट्र तक यह सामान्य रूप से आगे बढ़ा, लेकिन फिर इसकी गति धीमी हो गई। जिसकी वजह से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश का इंतजार बढ़ गया। यही वजह रही की इस वर्ष उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रभाव देखने को मिला। हालांकि, अब मानसून पूरे देश में पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

जुलाई ने सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और उत्तर-पश्चिम, पूर्व और दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। यह लंबी अवधि के औसत (एलपीए) 28.04 सेमी से 106 प्रतिशत अधिक रह सकती है। उन्होंने कहा कि हम जुलाई में मानसून के दौरान अच्छी बारिश की उम्मीद कर रहे हैं। इसके साथ ही आईएमडी ने पश्चिमी तट को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना भी जताई है। 

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट 

मौसम विभाग ने आने वाले 3 से 4 दिनों में देशभर में भारी बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के डेली बुलेटिन के मुताबिक, 4 से 6 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इसी तरह, 5 और 6 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!