एग्जिट पोलः हरियाणा में 10 साल बाद होगी कांग्रेस की वापसी, जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-एनसी गठबंधन को बढ़त

हरियाणा में 10 साल बाद कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती दिख रही है। शनिवार को मतदान के बाद जारी विभिन्न एग्जिट पोल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत के साथ 54 से 62 सीटें मिलने तक का अनुमान जताया गया है। जम्मू-कश्मीर में भी कुछ एग्जिट पोल में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेस गठबंधन को बढ़त दिखाई गई है।

एग्जिट पोलः हरियाणा में 10 साल बाद होगी कांग्रेस की वापसी, जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-एनसी गठबंधन को बढ़त

हरियाणा में 10 साल बाद कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती दिख रही है। शनिवार को मतदान के बाद जारी विभिन्न एग्जिट पोल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत के साथ 54 से 62 सीटें मिलने तक का अनुमान जताया गया है। राज्य की 90 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए। वोटों की गिनती 8 अक्तूबर को होगी। यहां कुल 1031 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 101 महिलाएं और 464 निर्दलीय हैं। 

जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के गठबंधन को बहुमत मिल सकता है। अलग-अलग एग्जिट पोल में राज्य की 90 सीटों में से कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस को 31 से 48 सीटें तक मिलने की संभावना जताई गई है। भाजपा गठबंधन (एनडीए) को 20 से 32 सीटें तक मिलने की उम्मीद है। यहां भी बहुमत के लिए 46 सीटों की जरूरत है।

ध्रुव रिसर्च के मुताबिक हरियाणा में कांग्रेस को 90 में से 50 से 64 सीटें और भाजपा को 27 सीटें मिल सकती हैं। पीपुल्स पल्स के मुताबिक कांग्रेस को 49 से 61 सीटें, भाजपा को 20 से 32, इनेलो-बसपा को 2 से 3 और अन्य को 3 से 5 सीटें मिल सकती हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, कांग्रेस को 55 से 62 सीटें, भाजपा को 18 से 24 सीटें, इनेलो को 3 से 6 सीटें, जेजेपी को 0 से 3 सीटें और अन्य को 2 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है।

रिपब्लिक-मैट्रिज के मुताबिक, कांग्रेस को 55 से 62, भाजपा को 18 से 24 और अन्य को 3 से 6 सीटें मिल सकती हैं। डेटाअंश और द रेड माइक के अनुसार, कांग्रेस को 50 से 55, भाजपा को 20 से 25, इनेलो को 3 से 5 और अन्य को 3 से 5 तक सीटें मिलने की संभावना है। सीएनएन 24 के मुताबिक, कांग्रेस को 59 सीटें, भाजपा को 21 और अन्य को 10 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टुडे-माई एक्सिस के मुताबिक, कांग्रेस को 59 सीटें, भाजपा को 21 और अन्य को 2 से 6 सीटें मिल सकती हैं। न्यूज-18 के अनुसार, हरियाणा में कांग्रेस को 59, भाजपा को 21, इनेलो को 4, जेजेपी को 2 सीटें मिलती दिख रही हैं।

हरियाणा के पिछले एग्जिट पोल

हरियाणा में वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में मतदान 15 अक्टूबर को हुआ था, और परिणाम चार दिन बाद घोषित किए गए थे। उस चुनाव में रिकॉर्ड 76.54 फीसदी मतदान हुआ था, जिसमें भाजपा ने 47 सीटों पर जीत हासिल की थी। उस साल अधिकांश एग्जिट पोल ने भाजपा की स्पष्ट जीत की भविष्यवाणी की थी। इंडिया टीवी-सी वोटर, एबीपी न्यूज-नीलसन, टाइम्स नाउ और न्यूज 24-चाणक्य ने भाजपा को 37 से 52 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। लेकिन 2019 के हरियाणा चुनाव में एग्जिट पोल उतने सटीक नहीं साबित हुए। तब भाजपा को 2014 की तुलना में सात कम, 40 सीटें मिलीं। एग्जिट पोल के अनुमानों में उसे 51 से 78 सीटें मिलने का दावा किया गया था। एबीपी न्यूज-सी वोटर ने सबसे अधिक 78 सीटों का अनुमान लगाया था। बहुमत के लिए 46 सीटों से कम होने के बावजूद, भाजपा ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के साथ गठबंधन कर और सात निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई। मनोहर लाल खट्टर दोबारा मुख्यमंत्री बने और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री बने।

जम्मू-कश्मीर के पिछले एग्जिट पोल

जम्मू-कश्मीर में इस बार लगभग एक दशक बाद विधानसभा चुनाव हुए हैं। यहां 18 सितंबर से 1 अक्टूबर 2024 के बीच तीन चरणों में मतदान हुए और कुल 63.45 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यहां 2014 के विधानसभा चुनाव में सी-वोटर समेत कई एग्जिट पोल में भाजपा को 27 से 33 सीटें, कांग्रेस को 4 से 10 सीटें, नेशनल कॉन्फ्रेंस 8 से 14 सीटें औरर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) को 32 से 38 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। अंततः पीडीपी 28 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। भाजपा 25 सीटों के साथ दूसरे, नेशनल कॉन्फ्रेंस 15 सीटों के साथ तीसरे और कांग्रेस 12 सीटों के साथ चौथे स्थान पर रही।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!