देश में सामान्य से 7 फीसदी अधिक बारिश, लंबा खिंचेंगा मानसून सीजन, फसल कटाई हो सकती है प्रभावित

देश में इस साल मानसून लंबा खिंच सकता है, जिससे सितंबर में शुरू होने वाली फसलों की कटाई प्रभावित हो सकती है। देश में अब तक 7 फीसदी अधिक बारिश हुई है। वहीं, अगस्त में मानसून के बादल 44 फीसदी अधिक बरसे हैं। मौसम विभाग ने सितंबर में भी अधिक बारिश का अनुमान जताया है

देश में सामान्य से 7 फीसदी अधिक बारिश, लंबा खिंचेंगा मानसून सीजन, फसल कटाई हो सकती है प्रभावित

देश में इस साल मानसून की बारिश सामान्य से 7 फीसदी अधिक हुई है। सिर्फ अगस्त महीने में ही मानसून के बादल 44 फीसदी अधिक बरसे हैं। वहीं मौसम विभाग ने सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान जताया है, जिससे खरीफ फसलों की कटाई प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मानसून सीजन लंबा खिंच सकता है। जिसका प्रतिकूल असर खेती-बाड़ी पर पड़ेगा। मानसून सीजन की शुरुआत में जहां कम बारिश के कारण खरीफ फसलों की बुवाई में देरी हुई थी, वहीं अब सितंबर में अधिक बारिश और लंबे मानसून के कारण फसलों की कटाई में भी देरी हो सकती है। 

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 28 अगस्त तक देशभर में मानसून की बारिश सामान्य से 7 फीसदी ज्यादा हुई है। अब तक के मानसून सीजन में पूर्व और पूर्वोत्तर भारत को छोड़कर देश में सभी हिस्सों में मानसून की बारिश सामान्य से अधिक हुई है। पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में जहां मानसून के बादल 11 फीसदी कम बरसे हैं, वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में 2 फीसदी, मध्य भारत में 17 फीसदी और दक्षिण भारत में 18 फीसदी अधिक बारिश हुई है।    

अगले हफ्ते कैसा रहेगा मौमस का हाल

मौसम विभाग ने 4 सितंबर तक देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार, 1 से 4 सितंबर के बीच पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, और कच्छ में भारी से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी 1 से 4 सितंबर के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुल मिलाकर, अगले हफ्ते के अधिकांश दिनों में मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

सितंबर में अधिक बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है। सितंबर के पहले हफ्ते तक ला नीना परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं, जिससे मानसूनी बारिश में वृद्धि हो सकती है। हालांकि, मानसून के दूसरे हिस्से में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!