गरीबों को 10 किलो राशन, किसानों को कर्जमाफी पर इंडिया गठबंधन का दांव

लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण से पहले विपक्षी गठबंधन ने गरीबों को 10 किलो राशन और किसानों की कर्जमाफी का दांव चला है।

गरीबों को 10 किलो राशन, किसानों को कर्जमाफी पर इंडिया गठबंधन का दांव

लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण से पहले विपक्षी गठबंधन ने गरीबों को 10 किलो राशन और किसानों की कर्जमाफी का दांव चला है। लखनऊ में इंडिया गठबंधन की संयुक्‍त प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम सत्ता में आए तो गरीबों को 5 की जगह 10 किलो राशन देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ही खाद्य सुरक्षा कानून लाई थी। मोदी जी उसी गरीबों के राशन पर अपनी तस्वीर चिपकाकर ये जता रहें हैं कि ये उन्होंने दिया है। जबकि गरीबों का मुफ्त अनाज उनका कानूनी हक है। 

इससे पहले मंगलवार को बुंदेलखंड में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने किसानों की कर्ज माफी का वादा किया। इससे पहले कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में एमएसपी की कानूनी गारंटी का वादा भी कर चुकी है। गरीबों को 10 किलो अनाज और किसानों को कर्जमाफी का वादा पांचवे चरण के चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन के प्रचार को धार दे सकता है। 

लखनऊ में इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में खड़गे ने कहा कि यह संविधान बचाने का चुनाव है। इस बार नरेंद्र मोदी की विदाई तय है। हमें अमीर और गरीब का अंतर मिटाना है। 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो हम गरीबों को 5 की जगह 10 किलो राशन देंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि चौथे फेज के बाद इंडिया गठबंधन और मजबूत हुआ है। 

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि यह सरकार न केवल किसानों का पूरा का पूरा कर्ज माफ करेगी, बल्कि उन्हें उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी दिलाएगी। उन्होंने कहा कि किसान और गरीब संकट में हैं। लेकिन जब इनकी मदद करनी चाहिए थी तो बड़े-बड़े उद्योगपतियों की मदद की गई और उनका लाखों करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया। 

कांग्रेस का जोर कल्याणकारी योजनाओं के मतदाताओं को लुभाने पर है। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी देश में 22 अरबपति बना रहे हैं, इंडिया गठबंधन देश में करोड़ों लखपति बनाने जा रहा है। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर करोड़ों युवाओं और महिलाओं को लखपति बनाया जाएगा। 

कांग्रेस ने गरीब परिवार की एक महिला के खाते में हर महीने साढ़े आठ हजार रुपये यानी सालाना एक लाख रुपये डालने और मनरेगा मजदूरी 400 रुपये करने का वादा भी किया है। युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम लाया जाएगा, जिसके तहत युवाओं को स्नातक व डिप्लोमा करते ही पहले साल में एक लाख रुपये मिलेंगे।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!