आग से फसलों व पशुओं को हुए नुकसान का मुआवजा देगी हरियाणा सरकार, सीएम सैनी के अधिकारियों को निर्देश

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में हुई आगजनी की घटनाओं से फसलों या पशुओं को जो नुकसान हुआ है, उससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। इसलिए सरकार ने निर्णय लिया है कि ऐसे सभी प्रभावित किसानों को शीघ्र ही मुआवजा दिया जाएगा।

आग से फसलों व पशुओं को हुए नुकसान का मुआवजा देगी हरियाणा सरकार, सीएम सैनी के अधिकारियों को निर्देश

हरियाणा में खेतों में आग लगने की घटनाओं के कारण किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पकी-पकाई फसल जलकर राख हो रही है। इस मुद्दे को लेकर किसान संगठन और विपक्षी दल लगातार मुआवजे की मांग कर रहे हैं। अब प्रदेश सरकार ने आगजनी की घटनाओं से फसलों व पशुओं को हुए नुकसान से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने का निर्णय लिया है।

इस संबंध में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में आला अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। प्रदेश सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार हर स्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में हुई आगजनी की घटनाओं से फसलों या पशुओं को जो नुकसान हुआ है, उससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। इसलिए सरकार ने निर्णय लिया है कि ऐसे सभी प्रभावित किसानों को शीघ्र ही मुआवजा दिया जाएगा। मुआवजा कितना और कब दिया जाएगा, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।  

मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं कि वे आगजनी से संबंधित घटनाओं की रिपोर्ट लें। मुआवजा प्राप्त करने के लिए आगजनी से प्रभावित किसान संबंधित उपायुक्तों के समक्ष आवेदन करें, ताकि उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा देने की प्रक्रिया अमल में लाई जा सके। हरियाणा सरकार आगजनी से प्रभावित किसानों को आगामी फसलों की बुवाई के लिए बीज और खाद में भी मदद देगीताकि किसानों पर आर्थिक रूप को कम किया जा सके। 

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कृषि विभाग से राज्य में आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी थी। अधिकारियों को तुरंत रिपोर्ट सौंपने और आगजनी के कारणों का पता लगाने के लिए कहा गया है।

आम तौर पर आंधी से बिजली के तारों में शार्ट-सर्किट होने से खेतों में आग लगती है। गेहूं कटाई के दौरान उपज को आगजनी से बचाना किसानों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण काम है। कई बार लापरवाही या बदले की भावना भी खेतों में आगजनी का कारण बनती हैं। 

8 जिलों में 1000 एकड़ फसल राख

हरियाणा में हाल के दिनों आंधी और बारिश से किसानों को नुकसान हुआ है। एक तरफ खेत या मंडी में गेहूं और सरसों की फसल भीग गई, जबकि दूसरी तरफ खेतों में आग के कारण तैयार फसल जलकर राख हो गई। प्रदेश के 8 जिलों में आगजनी के कारण लगभग एक हजार एकड़ से अधिक फसल जलने का अनुमान है। कई जगह पशु भी आग की चपेट में आ गये। 

 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!