लोकसभा चुनाव के छठे चरण में लगभग 60 प्रतिशत मतदान

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच शनिवार को लोकसभा चुनाव का छठा चरण पूरा हो गया। चुनाव आयोग के अनुसार, छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 58 संसदीय क्षेत्रों में 59.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि वोट प्रतिशत के ये आंकड़े अनंतिम हैं और इसके मामूली बढ़ने की उम्मीद है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और लोग गर्मी से बचने के लिए सुबह जल्दी ही मतदान केंद्रों पर कतारों में खड़े दिखे।

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में लगभग 60 प्रतिशत मतदान
मतदान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच शनिवार को लोकसभा चुनाव का छठा चरण पूरा हो गया। चुनाव आयोग के अनुसार, छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 58 संसदीय क्षेत्रों में 59.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि वोट प्रतिशत के ये आंकड़े अनंतिम हैं और इसके मामूली बढ़ने की उम्मीद है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और लोग गर्मी से बचने के लिए सुबह जल्दी ही मतदान केंद्रों पर कतारों में खड़े दिखे।

आयोग के अनुसार, हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बावजूद पश्चिम बंगाल में 78 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ और राज्य में उच्च मतदान प्रतिशत का पैटर्न जारी रहा। बिहार में पिछले चरणों के मुताबिक ही 53.19 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में 54.03 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। 

राजधानी दिल्ली में एक चरण में ही सातों सीटों के लिए वोटिंग हुई। यहां भी सिर्फ 54.37 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हरियाणा में 58.24 प्रतिशत, ओडिशा में 59.92 प्रतिशत और झारखंड में 62.66 प्रतिशत वोटिंग हुई। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र में 51 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जो 1989 में कश्मीर में आतंकवाद शुरू होने के बाद से सबसे अधिक है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस जयशंकर शुरुआती मतदाताओं में से थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी दिल्ली में मतदान किया। इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक मतदाता थे। इनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिला और 5120 थर्ड जेंडर थे। चुनाव आयोग ने 1.14 लाख मतदान केंद्रों पर लगभग 11.4 लाख मतदान अधिकारियों को तैनात किया था।

दिल्ली की सभी सात सीटों के अलावा उत्तर प्रदेश की 14 सीटों, हरियाणा की सभी 10 सीटों, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ सीटों, ओडिशा की छह सीटों, झारखंड की चार सीटों और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर मतदान हुआ। इसके साथ ही ओडिशा में 42 विधानसभा सीटों और हरियाणा में करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। अब तक 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान पूरा हो चुका है। सीट के आधार पर देखें तो लोकसभा की कुल 543 सीटों में से 428 पर मतदान हो चुका है। आखिरी चरण का मतदान 1 जून को होना है और वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!