हरियाणा में बीजेपी के 67 उम्मीदवारों की सूची जारी, जानिए क्या रहे बड़े उलटफेर

भाजपा ने पूर्व मंत्री अनिज विज को अंबाला छावनी, पूर्व सांसद अरविंद शर्मा को गोहाना और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ को बादली से टिकट दिया है। कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद और कंवर पाल गुर्जर जगाधरी से चुनाव लड़ेंगे। 

हरियाणा में बीजेपी के 67 उम्मीदवारों की सूची जारी, जानिए क्या रहे बड़े उलटफेर

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें तीन मंत्रियों समेत 9 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गये हैं जबकि 27 नए चेहरों को मौका मिला है। भाजपा ने पहली सूची में 17 मौजूदा विधायकों और 8 मंत्रियों को टिकट दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल की बजाय कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री के सीट बदलने के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। इसे लेकर कांग्रेस ने उन पर तंज भी कसा है।

भाजपा ने पूर्व मंत्री अनिज विज को अंबाला छावनी, पूर्व सांसद अरविंद शर्मा को गोहाना और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ को बादली से टिकट दिया है। कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद और कंवर पाल गुर्जर जगाधरी से चुनाव लड़ेंगे। 

9 विधायकों, 3 मंत्रियों के टिकट काटे

बीजेपी ने अपने मौजूदा 9 विधायकों के टिकट काट दिए हैं। पलवल से दीपक मंगला, फरीदाबाद से नरेंद्र गुप्ता, गुरुग्राम से सुधीर सिंगला, बवानी खेड़ा से विशंभर वाल्मीकि, रानिया से रणजीत चौटाला, अटेली से सीताराम यादव, पेहोवा से संदीप सिंह, सोहना से संजय सिंह और रतिया से लक्ष्मण नापा का टिकट कटा है।

भाजपा ने तीन मंत्रियों के टिकट भी काटे हैं। रानिया से बिजली मंत्री रणजीत चौटाला की जगह शीशपाल कंबोज को प्रत्याशी बनाया है। बवानी खेड़ा से राज्य मंत्री विशंभर वाल्मीकि की जगह कपूर वाल्मीकि को टिकट मिला है। सोहना से खेल मंत्री संजय सिंह की जगह तेजपाल तंवर और पेहोवा से पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह की जगह कमलजीत सिंह अजराना को टिकट दिया है। जिन पूर्व मंत्रियों के टिकट काटे हैं, उनमें सोनीपत से पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व मंत्री कर्ण देव कांबोज और पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शामिल हैं।

17 विधायकों, 8 मंत्रियों को टिकट

भाजपा ने 67 उम्मीदवारों में 17 विधायकों और 8 मंत्रियों को दोबारा टिकट दिया है। पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को एक बार फिर अंबाला छावनी सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। मंत्री जेपी दलाल और पूर्व मंत्री कमल गुप्ता पर भी पार्टी ने भरोसा जताया है। मंत्री कंवर पाल गुर्जर जगाधरी और जेपी दलाल लोहारू से चुनाव लड़ेंगे।  

बल्लभगढ़ से मंत्री मूलचंद शर्मा, अंबाला शहर से असीम गोयल, थानेसर से सुभाष सुधा, पानीपत ग्रामीण से महिपाल ढांडा और कलायत से पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा को टिकट मिला है। वहीं, दो विधायकों की सीट बदली गई है। डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा को नलवा की जगह बरवाला और कोसली के विधायक लक्ष्मण यादव को रेवाड़ी से चुनाव में उतारा गया है। 

योगेश्वर, बबीता फोगाट को नहीं मिला टिकट

भाजपा ने पहली सूची में पहलवान योगेश्वर दत्त और बबीता फोगाट को टिकट नहीं दिया है। योगेश्वर गोहाना से टिकट मांग रहे थे जबकि बबीता फोगाट की दादरी से तैयारी थी। कांग्रेस जहां विनेश फोगाट को टिकट देने के मूड में दिख रही है, वहीं बीजेपी ने बबीता फोगाट को टिकट नहीं दिया है। पहली सूची में सिर्फ एक खिलाड़ी का नाम शामिल है। महम से कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा को प्रत्याशी बनाया है। 

पुराने दिग्गजों पर भरोसा

भाजपा ने कई पुराने दिग्गजों पर भरोसा जताया है। पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को एक बार फिर अंबाला छावनी सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता पंचकूला से चुनाव लड़ेंगे। मंत्री कंवर पाल गुर्जर को यमुनानगर की जगाधरी सीट से टिकट दिया है। पिछला विधानसभा चुनाव हारने वाले पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद सीट से चुनाव लड़ेंगे। मनोहर लाल के पहले कार्यकाल में मंत्री रहे ओपी धनखड़, विपुल गोयल, कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह को भी मौका मिला है। 

दल बदलने वालों को मौका

भाजपा ने दलबदल करने वाले कई नेताओं को टिकट दिया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई सांसद किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी को भाजपा ने भिवानी की तोशाम सीट से मैदान में उतारा है। जेजेपी छोड़कर भाजपा में आए पूर्व मंत्री अनूप धानक को उकलाना, देवेंद्र बबली को टोहाना और रामकुमार गौतम को सफीदों से उम्मीदवार बनाया गया है। जेजेपी से बीजेपी में शामिल जिन नेताओं को टिकट मिला है उनमें पवन खरखौदा और संजय कबलाना भी शामिल हैं। इनेलो से आए श्याम सिंह राणा और कांग्रेस से आए निखिल मदान को भी भाजपा ने टिकट दिया है। दो दिन पहले भाजपा में शामिल हुए पूर्व जेल अधीक्षक सुनील सांगवान को चरखी दादरी से मैदान में उतारा है। उनके जेलर रहते गुरमीत राम रहीम को छह बार पेरोल या फरलो मिली थी। 

खूब चला परिवारवाद

परिवारवाद पर सवाल उठाने वाली भाजपा ने कई नेताओं के परिजनों को टिकट दिए हैं। पूर्व सीएम बंसीलाल की पोती बेटी श्रुति चौधरी के अलावा चौधरी भजनलाल के पोते भव्य बिश्नोई को आदमपुर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पुत्री आरती राव को अटेली, पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना के बेटे मनमोहन भड़ाना को समालखा, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के बेटे सुनीत सांगवान को चरखी दादरी और पूर्व विधायक हरिचंद मिड्ढा के बेटे डॉ. केएल मिड्ढा को जींद से उम्मीदवार बनाया है। पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की पत्नी शक्तिरानी शर्मा भी इस लिस्ट में शामिल हैं। 

मनु शर्मा की मां को टिकट

तीन दिन पहले भाजपा में शामिल हुई अंबाला की मेयर और पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की पत्नी शक्तिरानी शर्मा को कालका से उम्मीदवार बनाया गया है। शक्तिरानी मनु शर्मा की मां हैं। मनु शर्मा को दिल्ली के जेसिका लाल हत्याकांड में दोषी ठहराया गया था। 

8 महिला उम्मीदवारों को टिकट

भाजपा ने 67 में से आठ महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। इनमें अंबाला से शक्तिरानी शर्मा, मुलाना से संतोष सरवन, कलायत से कमलेश ढांडा, रतिया से सुनीता दुग्गल, तोशाम से श्रुति चौधरी, गढ़ी सांपला-किलोई से मंजू हुड्डा, कलानौर से रेनु डाबला, अटेली से आरती सिंह राव को उम्मीदवार बनाया है।

लिस्ट आते ही असंतोष शुरू

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की पहली सूची जारी होते ही पार्टी में असंतोष के सुर उठने लगे हैं। हरियाणा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांडी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। टिकट कटने से नाराज विधायक लक्ष्मण दास नापा ने भी भाजपा छोड़ने का ऐलान किया है। जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश और दूसरे दलों से आए नेताओं को मौका देने के लिए भाजपा ने अपने कई नेताओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।   

भाजपा उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!