महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को, झारखंड में दो चरणों में मतदान, 23 नवंबर को नतीजे

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों राज्यों में चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की। महाराष्ट्र में चुनाव एक ही चरण में होगा, जबकि झारखंड में दो चरणों में वोटिंग होगी

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को, झारखंड में दो चरणों में मतदान, 23 नवंबर को नतीजे

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं, झारखंड में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। जिसके लिए पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। दोनों ही राज्यों के चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों राज्यों में चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की। महाराष्ट्र में चुनाव एक ही चरण में होगा, जबकि झारखंड में दो चरणों में वोटिंग होगी। 

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान, 23 नवंबर को नतीजे

महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। यहां नामांकन 22 अक्टूबर से शुरू होगा, जिसकी प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक चलेगी। 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी और 4 नवंबर तक नाम वापसी की जा सकेगी। 20 नवंबर को राज्य में मतदान होंगे और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। 


महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का शेड्यूल (सोर्स: चुनाव आयोग)

झारखंड में दो चरणों में होगा विधानसभा चुनाव 

झारखंड में 81 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। पहले चरण में 43 सीटों और दूसरे चरण में 38 सीटों पर चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 18 अक्टूबर से शुरू होगी और 25 अक्टूबर तक चलेगी। 28 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी और 30 अक्टूबर तक नाम वापस लिया जा सकेगा। 13 नवंबर को राज्य में पहले चरण के मतदान होंगे और 23 नवंबर को मतगणना होगी। दूसरे चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू होगी और 29 अक्टूबर तक चलेगी। 30 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी और 1 नवंबर तक नाम वापसी की जा सकेगी। 20 नवंबर को दूसरे चरण के लिए मतदान होंगे और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे।


झारखंड में विधानसभा चुनाव का शेड्यूल (सोर्स: चुनाव आयोग)

48 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव

चुनाव आयोग ने 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान भी किया। विभिन्न राज्यों की 47 विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं, उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर 20 नवंबर को मतदान होगा। सभी के नतीजे 23 नवंबर को ही आएंगे। 

लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव का शेड्यूल (सोर्स: चुनाव आयोग)

असम की 5 विधानसभा सीटों धोलाई, सिडली, बोंगाईगांव, बेहाली और सामागुरी पर चुनाव होंगे। पंजाब में 4 विधानसभा सीटों गिद्दड़बाहा, डेरा बाबा नानक, बरनाला और चब्बेवाल पर चुनाव होंगे। बिहार की 4 सीटों विधानसभा रामगढ़, तरारी, इमामगंज और बेलागंज पर भी चुनाव होंगे। छत्तीसगढ़ में रायपुर शहर दक्षिण सीट और गुजरात में वाव विधानसभा सीट पर वोटिंग होगी। कर्नाटक में शिगगांव, संदुर और चन्नापटना की 3 विधानसभा सीटों पर भी चुनाव होंगे।


विभिन्न राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव (सोर्स: चुनाव आयोग) 

केरल में पलक्कड़ और चेलक्कारा की दो विधानसभा सीटों और वायनाड लोकसभा सीट पर चुनाव होंगे। मध्य प्रदेश में बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। महाराष्ट्र में नांदेड़ लोकसभा सीट पर चुनाव होगा। मेघालय में गमबेग्रे विधानसभा सीट पर और राजस्थान में 7 विधानसभा सीटों चोरसी, खींवसर, दौस, झुंझुनू, देवली, उनियारा, सलूम्बर और रामगढ़ पर चुनाव होंगे। सिक्किम में सोरेंग-चाकुंग और नामची-सिंघीथांग विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, फूलपुर, कटेहरी, मझावन और शीशामऊ पर वोटिंग होगी। उत्तराखंड की केदारनाथ सीट और पश्चिम बंगाल की 6 विधानसभा सीटों तालडांगरा, सिताई, नैहाटी, हरोआ, मेदिनीपुर और मदारीहाट पर भी चुनाव होंगे।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!