रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, जानिए उनका सियासी सफर

रेखा गुप्ता पहली बार की विधायक हैं। उन्होंने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29 हजार से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की थी।

रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, जानिए उनका सियासी सफर

रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। कई दिनों के सस्पेंस के बाद आखिरकार दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया। बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के नए मंत्री गुरुवार को रामलीला मैदान में पद की शपथ लेंगे।  

रेखा गुप्ता पहली बार की विधायक हैं और शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से चुनकर आई हैं। वे दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की अध्यक्ष रह चुकी हैं और फिलहाल भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29 हजार से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की थी। दिल्ली के मुख्यमंत्री की दौड़ में कई दिग्गज थे लेकिन रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगी है।  

अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट पर हराने वाले प्रवेश साहिब सिंह वर्मा समेत कई नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। प्रवेश वर्मा के मुख्यमंत्री न बन पाने से दिल्ली के जाट मतदाताओं को मायूसी हाथ लगी है।   

भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और विधायक दल को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं! 

विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को शिकस्त देकर भाजपा ने 26 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। बुधवार को भाजपा के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक में शामिल हुए थे। भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात करेंगी और दिल्ली में भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करेंगी। 

रेखा गुप्ता का राजनीतिक करियर 

  • 1994 दौलत राम कॉलेज छात्र संघ की सेक्रेटरी
  • 1995 दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ केन्द्र की सेक्रेटरी
  • 1996 दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष
  • 2002 प्रदेश मंत्री, भारतीय जनता युवा मोर्चा 
  • 2006 राष्ट्रीय सचिव, भारतीय जनता युवा मोचां
  • 2007 निगम पार्षद, उत्तरी पीतमपुरा (वार्ड नं. 54)
  • 2007 अध्यक्ष, महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति
  • 2009 महामंत्री, भाजपा दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा
  • 2010 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, भारतीय जनता पार्टी
  • 2010 अध्यक्ष, जिला केशवपुरम, भारतीय जनता पार्टी
  • 2012 उत्तरी पीतमपुरा वार्ड 54 से दूसरी बार निगम पार्षद बनी
  • 2012 अध्यक्ष, शिक्षा समिति, दिल्ली नगर निगम
  • 2013 उपाध्यक्ष, स्थायी समिति दिल्ली नगर निगम
  • 2013 मंत्री भाजपा, राष्ट्रीय महिला मोर्चा
  • 2014 महामंत्री, भाजपा, दिल्ली प्रदेश
  • 2015 भाजपा प्रत्याशी, शालीमार बाग विधानसभा चुनाव
  • 2019 सदस्य कार्यकारिणी भाजपा, राष्ट्रीय महिला मोचां
  • 2020 भाजपा प्रत्याशी, शालीमार बाग विधानसभा चुनाव
  • 2021 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बीजेपी महिला मोर्चा, प्रभारी बीजेपी उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा
  • 2022 निगम पार्षद, शालीमार बाग
  • 2024 विधायक, शालीमार बाग 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!