राजस्थान के पशुपालकों को पशु खरीदने के लिए मिलेगा एक लाख तक का ब्याज मुक्त लोन

राजस्थान सरकार ने पशुपालकों के लिए बिना ब्याज के 1 लाख रुपए तक का लोन और गोपालक कार्ड की सुविधा शुरू की है। ऊंटनी के पहले बच्चे पर 20,000 रुपए अनुदान, दुधारू पशुओं के लिए बीमा, 536 मोबाइल यूनिट्स और गौशालाओं के लिए 90 लाख तक की सहायता भी प्रदान की जा रही है

राजस्थान के पशुपालकों को पशु खरीदने के लिए मिलेगा एक लाख तक का ब्याज मुक्त लोन

राजस्थान के पशुपालक अब आसानी से पशु खरीद पाएंगे। राज्य सरकार ने पशुपालक के लिए बिना ब्याज के 1 लाख रुपए तक का लोन देने की योजना शुरू की है। पशुपालकों को यह सुविधा उनके 'गोपालक कार्ड' के माध्यम से मिलेगी। यह घोषणा प्रदेश के पशुपालन, गोपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने सोमवार को हनुमानगढ़ में गोगामेड़ी मेले के शुभारंभ अवसर पर की।                                                                                                                             

मंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ऊंटनी के पहले बच्चे के पालन-पोषण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा 20 हजार रुपए का अनुदान देने की घोषणा की गई है। राज्य में रोजगार के दृष्टिकोण से पशुपालन दूसरा सबसे बड़ा व्यवसाय है। सरकार ने दूध देने वाले पशुओं के लिए बीमा योजना भी शुरू की है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। इसके साथ ही, राज्य में पशुपालकों की सहायता के लिए 536 मोबाइल यूनिट्स की शुरुआत की गई है, जो घर-घर जाकर पशुओं का इलाज करेंगी। 

मंत्री कुमावत ने बताया कि गायों के अनुदान में 10 फीसदी की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में गौशाला और हर पंचायत समिति में नंदी शाला खोलने की योजना पर काम हो रहा है। नई गौशाला के लिए 10 लाख रुपए खर्च करने पर सरकार 90 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दे रही है। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!