जुलाई में महिंद्रा ट्रैक्टर्स की बिक्री बढ़ी, जानें एस्कॉर्ट्स कुबोटा और वीएसटी का कैसा रहा प्रदर्शन

ट्रैक्टर उद्योग से जुड़ी कई कंपनियों ने जुलाई 2024 में हुई बिक्री के आंकड़े सार्वजनिक कर दिए हैं। महिंद्रा ट्रैक्टर्स और एस्कॉर्ट्स कुबोटा की बिक्री में वृद्धि हुई है।

जुलाई में महिंद्रा ट्रैक्टर्स की बिक्री बढ़ी, जानें एस्कॉर्ट्स कुबोटा और वीएसटी का कैसा रहा प्रदर्शन

मानसून सीजन आधा गुजर चुका है। ट्रैक्टर उद्योग से जुड़ी कई कंपनियों ने जुलाई 2024 में हुई बिक्री के आंकड़े सार्वजनिक कर दिए हैं। इन कंपनियों में भारत की शीर्ष ट्रैक्टर निर्माता कंपनी महिंद्रा ट्रैक्टर्स, एस्कॉर्ट्स कुबोटा और वीएसटी शामिल हैं। जुलाई में महिंद्रा ट्रैक्टर्स और एस्कॉर्ट्स कुबोटा की सेल में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, वीएसटी की टैक्टर सेल में गिरावट आई है। 

महिंद्रा ट्रैक्टर्स की बिक्री में वृद्धि

महिंद्रा ट्रैक्टर्स की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई महीने में कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा है। जुलाई 2024 में कंपनी की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने कुल बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 8 फीसदी की वृद्धि हासिल की है। कंपनी ने जुलाई 2024 में घरेलू बाजार में 25,587 ट्रैक्टर्स बेचे, जो पिछले साल जुलाई की 24,168 यूनिट्स की बिक्री से 6 फीसदी ज्यादा है। वहीं, निर्यात बिक्री में भी कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। कंपनी ने जुलाई 2024 में 1,622 ट्रैक्टर्स को निर्यात किया, जो पिछले साल के 1,007 यूनिट्स की तुलना में 61 फीसदी की वृद्धि है। 

महिंद्रा ट्रैक्टर्स सेल्स             जुलाई 2024                      जुलाई 2023                        परिवर्तन (%)
घरेलू 25,587 24,168 6%
निर्यात 1,622 1,007   61%
कुल  27,209 25,175 8%

त्योहारी सीजन से ट्रैक्टर उद्योग को उम्मीद   

कंपनी के प्रदर्शन पर महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के प्रेसिडेंट (एग्रीकल्चरल इंप्लीमेंट्स) हेमंत सिक्का ने कहा, "हमने जुलाई 2024 में घरेलू बाजार में 25,587 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6 फीसदी अधिक है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने जुलाई के महीने में बहुत अच्छी प्रगति की है, मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में अधिक बारिश हुई है। जबकि बिहार, हरियाणा, पंजाब और पूर्वी यूपी और झारखंड के कुछ हिस्सों में अभी भी बारिश की कमी है। खरीफ की बुवाई ने पूरे भारत में काफी प्रगति की है। साथ ही गेहूं और आलू की ऊंची कीमतें और सभी प्रमुख खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि से किसानों की भावनाएं बेहतर हुई हैं। आगामी महीनों के लिए बारिश की प्रगति एक महत्वपूर्ण पहलू बनी रहेगी। कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समर्थन देने वाले बजट आवंटन और किसानों के लिए अनुकूल व्यापार शर्तों के साथ, आने वाला त्योहारी सीजन ट्रैक्टर उद्योग के लिए बहुत ही आशाजनक दिख रहा है।"

एस्कॉर्ट्स कुबोटा की बिक्री में इजाफा

एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने भी अपनी जुलाई महीने की सेल्स रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई महीने में कंपनी ने पिछले साल के मुकाबले अच्छा प्रदर्शन किया है। कंपनी ने जुलाई 2024 में कुल 5,769 ट्रैक्टर बेचे, जबकि पिछले साल जुलाई महीने में 5,570 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी। इस तरह कंपनी की कुल बिक्री (घरेलू + निर्यात बिक्री) में 3.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।

एस्कॉर्ट्स कुबोटा सेल्स (जुलाई 2024)
            जुलाई 2024                       जुलाई 2023                         परिवर्तन (%)
घरेलू 5,346 5,161 3.6%
निर्यात 423 409 3.4%
कुल  5,769 5,570 3.6%

एस्कॉर्ट्स कुबोटा की घरेलू बिक्री में 3.6 फीसदी और निर्यात बिक्री में 3.4 फीसदी की वृद्धि हुई है। कंपनी ने जुलाई 2024 में घरेलू बाजार में 5,346 ट्रैक्टर बेचे, जबकि पिछले साल जुलाई महीने में 5,161 ट्रैक्टर बेचे थे। इसी तरह, निर्यात बिक्री में भी कंपनी ने वृद्धि दर्ज की है। कंपनी ने जुलाई 2024 में 423 ट्रैक्टरों का निर्यात किया, जबकि पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने 409 ट्रैक्टर्स का निर्यात किया था।

वीएसटी की टैक्टर सेल में गिरावट 

वीएसटी लिमिटेड ने जुलाई महीने की ट्रैक्टर बिक्री में -9.4 फीसदी की गिरावट दर्ज की है। कंपनी ने जुलाई 2024 में कुल 439 ट्रैक्टर्स बेचे, जो पिछले साल के 485 यूनिट्स के मुकाबले कम है। हालांकि, जुलाई 2024 में कंपनी की कुल बिक्री (ट्रैक्टर + पावर टिलर) में 0.6 फीसदी की वृद्धि हुई है। कंपनी ने जुलाई 2024 में कुल 5,543 यूनिट्स (ट्रैक्टर + पावर टिलर) बेचे, जो पिछले साल इसी महीने में 5,506 यूनिट्स थे।

वीएसटी सेल्स (जुलाई 2024)
            जुलाई 2024                      जुलाई 2023                         परिवर्तन (%)
ट्रैक्टर 439 485 - 9.4%

Subscribe here to get interesting stuff and updates!