हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी और 13 मंत्रियों ने ली शपथ

हरियाणा में नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्सपाल राज्यपाल बंडारू दतात्रेय ने सैनी के अलावा 13 मंत्रियों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई

नयाब सिंह सैनी ने गुरुवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली। पंचकुला में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्‍यपाल बंडारू दतात्रेय ने मुख्य मंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाई। सैनी के साथ-साथ अनिल विज, कृष्‍ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, अरविंद कुमार शर्मा, श्‍याम सिंह राणा, रणबीर सिंह गंगवा, कृष्‍ण कुमार बेदी, श्रुति चौधरी, आरती राव, राजेश नागर गुर्जर और गौरव गौतम ने भी मंत्री पद की शपथ ली। 

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री भी उपस्थित थे।

सैनी सहित कुल 14 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इनमें से सबसे ज्यादा 5 मंत्री ओबीसी वर्ग से हैं। जाट, ब्राह्मण, और एससी वर्ग से दो-दो मंत्री बनाए गए हैं, और पंजाबी, राजपूत, और वैश्य बिरादरी से एक-एक मंत्री बनाया गया है।

नए मंत्रियों में अनिल विज, कृष्णलाल पंवार, राव नरबीर, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, और कृष्ण बेदी पहले भी मंत्री रह चुके हैं। रणबीर गंगवा पिछली बीजेपी सरकार में डिप्टी स्पीकर थे। नए चेहरों में अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, आरती राव, श्रुति चौधरी, और गौरव गौतम पहली बार मंत्री बने हैं।

नायब सिंह सैनी लगातार दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने हैं। इससे पहले उन्होंने 12 मार्च 2024 को हरियाणा  के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी। सैनी पहले हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और 2019 में कुरुक्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने हरियाणा में चुनाव लड़ा और 48 सीटें जीतकर राज्य में फिर अपनी सरकार बनाई। 90 विधानसभा सीटों वाले हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान हुआ था और 8 अक्टूबर को नतीजे आए। बीजेपी ने 48 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की। हरियाणा में बीजपी ने तीसरी बार अपनी सरकार बनाई है।