हरियाणा: सीएम सैनी संभालेंगे 12 विभाग, श्याम सिंह राणा नए कृषि मंत्री

श्याम सिंह राणा हरियाणा के नए कृषि और पशुपालन मंत्री होंगे। उन्हें कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्यपालन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। 

हरियाणा में रविवार देर रात मंत्रियों के बीच विभागों को बंटवारा किया गया। गृह और वित्त समेत 12 विभाग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पास रखे, जबकि अनिल विज को ऊर्जा और परिवहन विभाग दिए हैं। श्याम सिंह राणा हरियाणा के नए कृषि और पशुपालन मंत्री होंगे। उन्हें कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्यपालन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। 

हरियाणा में नई सरकार के शपथ ग्रहण के तीन दिन बाद राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सलाह पर मंत्रियों को विभागों का आवंटन किया। सीएम नायब सिंह सैनी ने गृह और वित्त के अलावा नियोजन, आबकारी, नगर व ग्राम नियोजन, सूचना एवं जनसंपर्क, सामान्य प्रशासन और कानून समेत 12 विभाग अपने पास रखे हैं। मनोहर लाल खट्टर की सरकार में गृह मंत्री रहे अनिल विज को ऊर्जा और परिवहन के अलावा श्रम विभाग भी दिया है। श्रुति चौधरी को महिला एवं बाल विकास के साथ-साथ सिंचाई विभाग देकर उनका कद बढ़ाया गया है।

देर रात जारी सरकारी आदेश के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा आरती सिंह राव को दिया गया है। यह विभाग भी पहले अनिज विज के पास था। आरती राव चिकित्सा शिक्षा और आयुष विभाग भी संभालेंगी। कृष्ण लाल पंवार को विकास व पंचायत के साथ-साथ खनन विभाग भी मिला है। राव नरबीर सिंह को उद्योग व वाणिज्य के अलावा पर्यावरण और वन विभाग भी दिए हैं, जबकि उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी महिपाल ढांडा संभालेंगे। ढांडा के पास संसदीय मामलों का विभाग भी रहेगा।  

विपुल गोयल को राजस्व व आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय और नागरिक उड्डयन विभाग मिले हैं। अरविंद शर्मा सहकारिता, जेल और पर्यटन विभाग संभालेंगे। रणबीर गंगवा को लोक निर्माण तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग तथा कृष्ण कुमार बेदी को सामाजिक न्याय व एससी-बीसी वेलफेयर विभाग आवंटित किए हैं। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग का जिम्मा संभालंगे, जबकि राज्य मंत्री गौरव गौतम (स्वतंत्र प्रभार) को खेल, युवा सशक्तिकरण व उद्यमिता विभाग संभालेंगे।