भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष बने के. साई रेड्डी, मोहिनी मोहन मिश्र दूसरी बार महामंत्री

गुजरात के पालनपुर में आयोजित भारतीय किसान संघ के 14वें अखिल भारतीय अधिवेशन में तेलंगाना के के. साई रेड्डी को अखिल भारतीय अध्यक्ष तथा उड़ीसा के मोहिनी मोहन मिश्रा को अखिल भारतीय महामंत्री चुना गया।

गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित भारतीय किसान संघ के 14वें अखिल भारतीय अधिवेशन में संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष व महामंत्री का निर्वाचन किया गया। देश भर से आए प्रतिनिधियों ने निर्वाचन अधिकारी अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी की उपस्थिति में तेलंगाना के. साई रेड्डी तेलंगाना को अखिल भारतीय अध्यक्ष तथा उड़ीसा के मोहिनी मोहन मिश्रा को अखिल भारतीय महामंत्री घोषित किया गया।

अध्यक्ष व महामंत्री द्वारा घोषित कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष टी पेरूमल, राम भरोस वासोतिया, विशाल चंद्राकर, सुशीला विशनोई को चुना गया। अखिल भारतीय मंत्री बाबू भाई पटेल, डॉ सोमदेव शर्मा, भानु थापा, वीणा सतीश कोषाध्यक्ष युगलकिशोर मिश्र, संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, सह संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह, जैविक प्रमुख नाना आखरे, महिला संयोजिका मंजू दीक्षित, कार्यालय प्रमुख चंद्रशेखर जी, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेंद्र सिंह पटैल को घोषित किया गया।

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में बद्रीनारायण चौधरी, आई एन बसवेगौड़ा, हुकुमचंद पाटीदार, धर्मपाल सिंह ठाकुर, ई नारायण कुट्टी, रतन लाल डागा, प्रमोद चौधरी, कुमार स्वामी, मणिलाल लबाना, भगतराम पटियाल, भवन विक्रम डबराल, कुरूसार तिमुंग, इंदूभूषण जी, हरपाल सिंह डागर, डॉ मकरंद करकरे, सर्वजीत सिंह, कैलाश गिंदौलिया, पूरनचंद, प्रशांत खाखा, केदार मिश्र, कल्याण कुमार मंडल, श्रीधर रेड्डी, सुरेश चंद्रवंशी, दादा लाड, तकाली तामुल, कपिला मुठे, चंद्रकला चौहान, चंद्रकात गौर, खेलन सहारे, प्रकाशनारायण तिवारी नियुक्त किये गये।

रविवार को तीन दिवसीय अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि 2047 की विकसित भारत की संकल्पना को पूर्ण करने के लिये गौ कृषि वाणिज्यम् के साथ कृषि अनुकूल तकनीकी को अपनाकर आगे बढ़ने की जरूरत है। समग्र विकसित भारत के निर्माण में कृषि व किसान पर बड़ा उत्तरदायित्व है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे लिए देश हित की चौखट पर किसान हित है। अगले तीन वर्ष का रोडमैप तैयार कर किसान संघ को काम करना होगा।

60 हजार गांवों में 42 लाख सदस्य

भारतीय किसान संघ के अधिवेशन में प्रस्तुत सदस्यता वृत्त के अनुसार 60 हजार गांवों में किसान संघ की सक्रिय ग्राम समिति बनी है। इन ग्राम समितियों के माध्यम से 42 लाख किसानों को देश भर में भारतीय किसान संघ ने सदस्य बनाया है।

अधिवेशन में पारित प्रस्ताव 

किसान संघ के अधिवेशन में देश भर के सभी किसानों से जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया गया। दूसरे प्रस्ताव में नीतियों में सुधार व बदलाव करते हुये कृषि उत्पादन, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, भंडारण, विपणन वाणिज्य, लघु कुटीर, ग्राम उद्योग, हस्तकला के आयामों, ग्राम स्वावलंबन के विचार को मजबूत करने की बात कही गई है।

अधिवेशन के दूसरे दिन विभिन्न राज्यों से आए किसान संघ के पदाधिकारियों ने गौ-आधारित प्राकृतिक खेती का संदेश देते हुए ट्रैक्टर ट्रालियों में शोभा यात्रा निकाली। अधिवेशन में बड़ी संख्या में महिला किसानों की भागीदारी रही। शोभा यात्रा का नेतृत्व भी महिला किसानों द्वारा स्वयं ट्रैक्टर चलाकर किया गया। 

अधिवेशन में शामिल हुए किसानों को सरदार कृषिनगर दांतीवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय, पालनपुर के वैज्ञानिकों ने उन्नत कृषि तकनीकियों व प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया।