कृभको और नोवोनेसिस ने किसानों को एग्री बॉयो सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने के लिए एमओयू किया

कृभको और नोवोनेसिस के बीच इस सहयोग का उद्देश्य भारत के किसानों के लिए ऐसे अत्याधुनिक जैविक समाधान प्रस्तुत करना है जिससे फसलों की उपज बढ़ाने और मृदा स्वास्थ्य के प्रति उनके दृष्टिकोण में क्रांतिकारी बदलाव लाया जा सके

देश की प्रमुख उर्वरक उत्पादक सहकारी कंपनी कृषक भारती सहकारी लिमिटेड (कृभको) और एग्री बॉयो सॉल्यूशंस का कारोबार करने वाली कंपनी नोवोनेसिस ने सोमवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत दोनों संस्थान एग्री बॉयो सॉल्यूशंस के क्षेत्र में सहयोग करेंगे जिससे फसलों की उपज और खेत की मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकेगा। 

पहले चरण में, भारत के किसानों को उन्नत माइकोरिज़ल जैव उर्वरक कृभको राइज़ोसुपर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद,अगले चरण में अपने उद्योग क्षेत्र की ये दोनों अग्रणी कंपनियां नोवोनेसिस के अन्य बॉयो सॉल्यूशंस को भारत में उपलब्ध कराने की संभावनाओं का पता लगाएंगी। इसके अतिरिक्त, नोवोनेसिस कृभको को उसकी जैव उर्वरक उत्पादन सुविधा को मजबूत करने और अपनी माइक्रोबियल तकनीक की मदद से उत्पादों की संख्या को समृद्ध बनाने में भी सहायता करेगी।

'कृभको राइजोसुपर’ फसलों के लिए उपयोगी कवकों के गुच्छों का जड़ों के पास की मिट्टी में तेजी से फैलाव करने मे सहायक होता है और राइजोस्फीयर (जड़ के आसपास की मृदा) में लाभकारी माइक्रोबियल गतिविधि को बढ़ाता है। इस प्रौद्योगिकी से पौधे की वृद्धि मजबूत होती है और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारती है। यह तकनीक फॉस्फेट वाले उर्वरक, अन्य पोषक तत्वों और पानी के व्यावहारिक उपयोग को संवर्धित करने में भी सहायक है।

इस साझेदारी के बारे में जानकारी देते हुए कृभको के प्रबंध निदेशक एम.आर. शर्मा ने कहा, “यह साझेदारी एक नए युग की शुरुआत करेगी, जिसमें भारतीय किसानों को अत्याधुनिक जैव कृषि समाधान सुलभ होंगे। कृभको अपने किसानों को अभिनव कृषि जैव समाधानों के साथ उनको सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक कृषि जैविक समाधान न केवल फसलों की उपज और मिट्टी की गुणवत्ता को बढ़ाते हैं, बल्कि पारिस्थितिकी की दृष्टि से स्वस्थ तरीकों से की जाने वाली कृषि के उद्देश्य को भी पूरा करते हैं। कृभको राइजोसुपर को अपनाकर, भारतीय किसान न केवल अपनी फसल की पैदावार में सुधार कर रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करते हुए हमारी भूमि के संरक्षक भी बन रहे हैं।”

नोवोनेसिस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (पश्चिम एशिया, भारत और अफ्रीका बाजार) कृष्ण मोहन पुव्वाडा ने कहा कि हम भारत में अग्रणी किसान सहकारी समितियों में से एक कृभको के साथ मिलकर एक अद्वितीय और अभिनव माइकोरिज़ल बायोफर्टिलाइज़र पेश करने को लेकर उत्साहित हैं। कृषि में जैव समाधानों की क्षमता का उपयोग कर, हम न केवल फसल पैदावार बेहतर के लिए नवाचार कर रहे हैं, बल्कि एक स्वस्थ भविष्य के लिए भी काम कर रहे हैं। यह साझेदारी जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों का समाधान करने, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और भारत में एक टिकाऊ कृषि का मार्ग प्रशस्त करने में महत्वपूर्ण है। इस साझेदारी को दोनों कंपनियों की विशेषज्ञता से लाभ होगा।