वित्त वर्ष 2024-25 की पहली छमाही में ट्रैक्टर बिक्री 9 फीसदी घटी, अब त्योहारी सीजन से उम्मीद

वित्त वर्ष 2024-25 के पहले छह महीनों में ट्रैक्टर की घरेलू बिक्री वित्त वर्ष 2023-24 के मुकाबले कम रही है। पिछले साल की पहली छमाही की तुलना में इस साल ट्रैक्टर बिक्री में 8.82 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। इस साल अप्रैल से सितंबर तक कुल 4,05,711 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले साल इसी समय तक 4,44,997 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी। इस हिसाब से पिछले साल के मुकाबले इस साल 39,286 ट्रैक्टर कम बिके हैं। 

वित्त वर्ष 2024-25 के पहले छह महीनों में ट्रैक्टर की घरेलू बिक्री वित्त वर्ष 2023-24 के मुकाबले कम रही है। पिछले साल की पहली छमाही की तुलना में इस साल ट्रैक्टर बिक्री में 8.82 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। इस साल अप्रैल से सितंबर तक कुल 4,05,711 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले साल इसी समय तक 4,44,997 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी। इस हिसाब से पिछले साल के मुकाबले इस साल 39,286 ट्रैक्टर कम बिके हैं। 

रूरल वॉयस ने फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (फाडा) के पिछले छह महीनों के आंकड़ों का विश्लेषण किया, जिससे यह जानकारी मिली है। फाडा के आंकड़ों के अनुसार, इस साल मई के बाद से हर महीने ट्रैक्टर की बिक्री में गिरावट देखी गई है। देश में इस साल अप्रैल माह में 56,627 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले साल इसी महीने में 55,857 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी। मई 2024 में 70,065 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले साल मई में 70,813 ट्रैक्टर बिके थे। इस तरह मई में ट्रैक्टर बिक्री में लगभग 1 फीसदी की मामूली गिरावट देखी गई। जून 2024 में 71,029 ट्रैक्टर बिके, जबकि 2023 में इसी महीने 99,148 ट्रैक्टर बेचे गए थे, जो 28 फीसदी की गिरावट थी।

माह

 वित्त वर्ष 2024-25 वित्त वर्ष 2023-24 अंतर (फीसदी)
अप्रैल  56,627 55,857 1.13 %
मई  70,065 70,813 -1.05 % 
जून  71,029 99,148 -28.29 %
जुलाई  79,970 90,821 -11.94 %
अगस्त  65,478 73,892 -11.38 %
सितंबर  62,542 54,529 14.69 %
कुल 4,05,711 4,44,997 -8.82 %

(स्रोत: फाडा रिपोर्ट)

जुलाई 2024 में 79,970 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले साल जुलाई में 90,821 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी, जिससे 12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। अगस्त 2024 में 65,478 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले साल अगस्त में 73,892 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी, जिससे ट्रैक्टर बिक्री में 11  की गिरावट आई। हालांकि, सितंबर 2024 में 62,542 ट्रैक्टर बेचे गए, जो पिछले साल सितंबर में बिके 54,529 ट्रैक्टरों से 14 प्रतिशत अधिक है। मई के बाद सितंबर एकमात्र ऐसा महीना रहा जिसमें पिछले साल की तुलना में बिक्री में वृद्धि देखी गई।

ट्रैक्टरों की बिक्री में यह गिरावट प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों के लिए चिंता का विषय है। पिछला साल भी कमजोर मानसून के कारण ट्रैक्टर बिक्री के लिए अच्छा नहीं रहा था। इस साल सामान्य मानसून की उम्मीद से बिक्री में सुधार की संभावना थी, लेकिन अब तक ऐसा होता नहीं दिख रहा है। हालांकि, ट्रैक्टर कंपनियों को आने वाले त्योहारी सीजन में काफी उम्मीदे हैं। कई प्रमुख कंपनियों ने त्योहारी सीजन के लिए विशेष ऑफर और फाइनेंसिंग योजनाएं तैयार की हैं, जिससे ट्रैक्टरों की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।